थाना प्रभारी सुमित कौशिक की सक्रियता से चंद दिनों में सुलझा मामला, आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार
रामनगर। नगर परिषद डोला की अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के लिए बस स्टैंड के पास रखी गई 49 नग डीआई पाइप चोरी के मामले में रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गई करीब ₹3 लाख 50 हजार 350 रुपये कीमत की 49 नग डीआई पाइप बरामद करने के साथ ही चोरी में प्रयुक्त आइसर ट्रक को भी जब्त किया है। मामले में इंदौर निवासी ट्रक चालक अंसार पटेल पिता इशाक पटेल, उम्र 55 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में रामनगर पुलिस ने इस पूरे मामले की तेजी से जांच करते हुए चोरी का पर्दाफाश किया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
दिनांक 04 सितंबर 2026 को फरियादी उमाशंकर कुशवाहा ने थाना रामनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नगर परिषद डोला क्षेत्र में अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के लिए बस स्टैंड के पास रखी गई 49 नग डीआई पाइप अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 258/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने पुलिस टीम को तत्काल सक्रिय किया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों को जुटाया। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध ट्रक के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला।
इसके बाद पुलिस ने इंदौर निवासी ट्रक चालक अंसार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति के कहने पर उसने नगर परिषद डोला बस स्टैंड के पास रखी डीआई पाइपों को ट्रक क्रमांक MP 09 GJ 7865 में लोड किया था।
पथरौड़ी के पास से बरामद हुआ पूरा माल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पथरौड़ी के पास से चोरी गई 49 नग डीआई पाइप एवं ट्रक को बरामद कर लिया। बरामद पाइपों की अनुमानित कीमत ₹3,50,350 तथा जब्त आइसर ट्रक की कीमत करीब ₹20 लाख बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि जिस व्यक्ति के कहने पर पाइप ट्रक में लोड की गई थीं, उसने बाद में अपना मोबाइल बंद कर लिया। इसी वजह से पाइपों को गंतव्य तक नहीं पहुंचाया जा सका। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर मामले में अन्य संबंधित व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी सुमित कौशिक की सक्रियता की सराहना
चोरी की वारदात के बाद जिस तेजी से रामनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के माध्यम से संदिग्ध तक पहुंच बनाई और चोरी गया पूरा माल बरामद किया, वह पुलिस की सक्रिय कार्यप्रणाली को दर्शाता है। थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम की तत्परता और प्रभावी विवेचना की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। खासतौर पर शासकीय योजना की सामग्री जैसी महत्वपूर्ण संपत्ति की चोरी का शीघ्र खुलासा होना पुलिस की सतर्कता का उदाहरण है।
यह हुआ बरामद
49 नग डीआई पाइप — अनुमानित कीमत ₹3,50,350
आइसर ट्रक क्रमांक MP 09 GJ 7865 — अनुमानित कीमत करीब ₹20 लाख
मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कौशिक, एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक 84 सनत कुमार द्विवेदी, आरक्षक अनुराग सिंह एवं आरक्षक अनुराग भार्गव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
