करीब 1.20 लाख रुपये के मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस, चार्जर व नकदी बरामद; आरोपी को न्यायालय ने भेजा जेल
अनूपपुर/जैतहरी। वेंकटनगर पुलिस ने ग्राम सिंघौरा स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, चार्जर, नेकबैंड और नकदी सहित करीब 1.20 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को ग्राम सिंघौरा निवासी रावेन्द्र गुप्ता ने पुलिस चौकी वेंकटनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसकी मोबाइल दुकान का पीछे का दरवाजा अंदर से खुला हुआ था तथा दुकान के पीछे लगा टीन शेड उखड़ा हुआ था। दुकान की जांच करने पर कई मोबाइल फोन, ब्लूटूथ बड्स, नेकबैंड, चार्जर-केबल और नकदी गायब मिली।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी वेंकटनगर में अपराध क्रमांक 295/26, धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर संदेही तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर एक संदेही को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम राजा शंकर शाह परस्ते, पिता रमेश सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम कपरिया, थाना जैतहरी बताया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने ग्राम सिंघौरा स्थित मोबाइल दुकान में घुसकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी किए गए सामान को अपने घर के कमरे में एक झोले में छिपाकर रखना बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सामान बरामद कर उसे विधिवत जब्त किया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
01 LAVA एंड्रॉयड मोबाइल
01 ACER एंड्रॉयड मोबाइल
03 POCO एंड्रॉयड मोबाइल
01 itel एंड्रॉयड मोबाइल
07 नग ब्लूटूथ बड्स
05 नग चार्जर एडाप्टर एवं केबल
09 नग नेकबैंड ब्लूटूथ हेडफोन
415 रुपये नकद
बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी राजा शंकर शाह परस्ते को जिला जेल अनूपपुर दाखिल किया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी श्री नवीन तिवारी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी जैतहरी श्री गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
चोरी के खुलासे में चौकी प्रभारी वेंकटनगर उप निरीक्षक प्रवीण कुमार साहू, उप निरीक्षक सुरेश कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक 07 बलराम सिंह पैकरा, आरक्षक 288 विजय टाटू तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार एवं पंकज मिश्रा का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटना का त्वरित खुलासा होने के साथ दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।
