
अनूपपुर,
जिले में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने जनपद पंचायत जैतहरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्री, बर्री, अमगंवा एवं गुंवारी का दौरा कर नल-जल योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्थिति का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाइपलाइन, जल आपूर्ति, मोटर संचालन एवं समग्र व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्र के स्कूलों में पहुंचकर बच्चों के लिए पेयजल उपलब्धता की स्थिति भी देखी और आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के सामाजिक अंकेक्षण समन्वयक संदीप शुक्ला, प्रभारी डीपीसी संतोष मिश्रा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की इंजीनियर नीलिमा सिंह, एसडीओ दीपक साहू, सर्व शिक्षा अभियान के उपयंत्री एल.बी. सिंह सहित संबंधित ग्रामों के सरपंच एवं अमला मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने पीएचई विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने विभागीय अमले को निर्देशित किया कि इसी तरह कार्य करते हुए हर घर तक नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें।
मौके पर उन्होंने पीएचई के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि जल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए और विद्युत कनेक्शन व मीटरों का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का संचालन निर्बाध बना रहे।
इस दौरान एसडीओ दीपक साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा सभी संबंधित ग्रामों में नल-जल योजनाओं के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी तकनीकी या संचालन संबंधी समस्याएं सामने आती हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकृत किया जाता है।
सीईओ ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल आपूर्ति की स्थिति जानी और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और पर्याप्त पानी पहुंचाना है, जिसके लिए निरंतर निगरानी और सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह निरीक्षण दर्शाता है कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयासरत है।

