• Sat. May 16th, 2026

News Junction MP Chhattisgarh

India #1 News Platform

रक्सा में 800×2 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना की लोकसुनवाई शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न

Oplus_16908288
Spread the love
Oplus_16908288

अनूपपुर
ग्रामीणों की सहमति, विकास की नई उम्मीदों और सकारात्मक संवाद के साथ ग्राम पंचायत रक्सा में न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित 800×2 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना की लोकसुनवाई सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का आयोजन 15 मई 2026 को रक्सा खेल मैदान में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के अंतर्गत सामाजिक प्रभाव आकलन (SIA) रिपोर्ट पर चर्चा हेतु किया गया।
लोकसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री कमलेश पुरी ने की, जबकि सामाजिक प्रभाव आकलन समिति के अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर श्री दिलीप पाण्डेय विशेष रूप से मौजूद रहे। अध्ययन संस्था ए.आई.एस.डी. द्वारा परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत कर ग्रामीणों को सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई।
प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 103.691 एकड़ भूमि अधिग्रहण से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। ग्राम रक्सा एवं कोलमी के ग्रामीणों ने मंच के माध्यम से अपने सुझाव, अपेक्षाएँ एवं विचार साझा किए। अधिकांश ग्रामीणों ने उद्योग स्थापना को क्षेत्रीय विकास, रोजगार सृजन एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं टोरेंट पावर के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के सभी प्रश्नों का पारदर्शी एवं संतोषजनक जवाब दिया। कंपनी की ओर से स्पष्ट किया गया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया ग्राम सभाओं की सहमति एवं ग्रामीणों के लिखित प्रस्ताव के बाद ही आगे बढ़ाई गई है तथा शासन के सभी नियमों और कानूनों का पूर्ण पालन किया जा रहा है।
कंपनी प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, सड़क, बिजली, पानी जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल अनूपपुर जिले बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लोकसुनवाई में ग्राम पंचायत रक्सा की सरपंच श्रीमती उमा सिंह, कोलमी सरपंच श्री राजू पनिका, श्री राम नारायण पाण्डेय, श्री नरेंद्र राठौर, श्री रमेश सिंह, श्री चक्रधर मिश्रा, श्रीमती कुसुम राठौर एवं श्री रामदीन राठौर सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री गुड्डू चौहान ने कहा कि उद्योग स्थापना से प्रदेश और देश के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने प्रभावित किसानों के हितों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कंपनी द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना की।
वहीं श्री चक्रधर मिश्रा ने कहा कि कंपनी और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है तथा क्षेत्र के विकास के लिए ग्रामीणजन पूरा सहयोग प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में कंपनी प्रतिनिधि श्री सुशील कांत मित्रा ने उपस्थित जनों द्वारा उठाए गए मुद्दों का बिंदुवार उत्तर प्रस्तुत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात एसडीएम श्री कमलेश पुरी ने लोकसुनवाई समाप्ति की घोषणा की।
पूरी लोकसुनवाई शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसने क्षेत्रीय विकास और औद्योगिक प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में नई उम्मीदें जगाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *