शहडोल। सीटू के क्षेत्रीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष अरुण गौतम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि 9 जुलाई को प्रस्तावित श्रमिक हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से दिनांक 7 जुलाई 2025 को शाम 4 बजे महाप्रबंधक कार्यालय के सामने एक संयुक्त कन्वेंशन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सोहागपुर क्षेत्र के सभी श्रमिकों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे हड़ताल के उद्देश्य, कारण और इसके दूरगामी प्रभावों को समझ सकें।
संयुक्त मोर्चा में शामिल एचएमएस, एटक, इंटक और सीटू जैसे प्रमुख श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि इस अवसर पर अपने विचार साझा करेंगे और यह स्पष्ट करेंगे कि यह हड़ताल केवल वेतन या सुविधा संबंधी मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि कोल इंडिया जैसे सार्वजनिक उपक्रम के अस्तित्व और श्रमिकों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी हुई है।
अरुण गौतम ने कहा कि यदि इस समय श्रमिक एकजुट नहीं हुए और हड़ताल को पूरी ताकत से सफल नहीं बनाया गया, तो आने वाले समय में कोल इंडिया के सामने निजीकरण, आउटसोर्सिंग और श्रमिक अधिकारों के हनन जैसे गंभीर संकट खड़े हो सकते हैं। उन्होंने सभी श्रमिकों से आह्वान किया कि वे इस लड़ाई को व्यक्तिगत नहीं, सामूहिक संघर्ष के रूप में देखें और 9 जुलाई को पूरी एकजुटता के साथ हड़ताल में भाग लें।
इस अपील को आगे बढ़ाते हुए संयुक्त मोर्चा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। एचएमएस के वरिष्ठ मार्गदर्शक शिवनारायण मिश्रा, एटक के जुझारू नेता रावेंद्र शुक्ला, कंपनी वेलफेयर बोर्ड के सदस्य राजेश शर्मा, इंटक के मध्यप्रदेश अध्यक्ष एवं कंपनी सेफ्टी बोर्ड सदस्य कमलेश शर्मा, सोहागपुर क्षेत्र के महामंत्री अमरजीत सिंह तथा सीटू के एरिया अध्यक्ष राकेश राय ने भी अपने-अपने संगठनों के श्रमिकों से अपील की है कि वे हड़ताल को सत-प्रतिशत सफल बनाएं।
नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल वर्तमान पीढ़ी के श्रमिकों की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की भी रक्षा करेगा। सभी संगठनों ने श्रमिकों से अपील की कि वे संगठित होकर, शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ता से अपनी बात रखें और 9 जुलाई को होने वाली हड़ताल को ऐतिहासिक बनाएं।
