
शहडोल। कामरेड रामनाथ यादव की स्मृति में 20 सितंबर 2026 को उनके निज निवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में शहडोल, अनूपपुर एवं उमरिया जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पार्टी के साथी शामिल हुए। कार्यक्रम में कोयला श्रमिक संघ (सीटू) सोहागपुर, जुहिला, जमुना-कोतमा एवं हसदेव क्षेत्र के साथियों के अलावा आंगनवाड़ी, आशा-उषा कार्यकर्ताओं, किसान सभा तथा आदिवासी एकता महासभा के साथियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।जानकारी देते हुए शहडोल जिला पार्टी सचिव मंडल एवं सीटू महासचिव कामरेड अरुण गौतम ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश पार्टी सचिव मंडल एवं राष्ट्रीय सचिव तथा मध्यप्रदेश महासचिव कामरेड प्रमोद प्रधान, प्रदेश सचिव मंडल एवं मध्यप्रदेश किसान सभा महासचिव कामरेड अखिलेश यादव तथा शहडोल जिले के प्रभारी कामरेड रामनारायण कुररिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन भी कामरेड अरुण गौतम द्वारा किया गया।उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी वक्ताओं ने कामरेड रामनाथ यादव के जीवन, संघर्ष और संगठन के प्रति उनके समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने शहडोल जिले में पार्टी संगठन को आगे बढ़ाने में उनके योगदान और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनके विचारों एवं बताए हुए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।इस अवसर पर कामरेड महेश श्रीवास्तव, कामरेड अमृत लाल विश्वकर्मा, कामरेड देवेंद्र निराला, कामरेड विनोद राय, कामरेड बुद्धसेन सिंह, कामरेड रामू यादव, कामरेड रमेश परस्ते तथा कामरेड रमेश राठौर सहित अन्य साथियों ने अपने विचार रखे और कामरेड रामनाथ यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के अंत में प्रदेश से आए वक्ताओं ने कामरेड रामनाथ यादव के जीवन संघर्ष और पार्टी संगठन के लिए किए गए कार्यों को विस्तार से स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेते हुए संगठन को मजबूत करने तथा श्रमिक, किसान और वंचित वर्ग के हितों के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।







