• Fri. Jul 10th, 2026

News Junction MP Chhattisgarh

India #1 News Platform

हादसों के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था, हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ पूर्व विंध्य विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने खोला मोर्चा

Spread the love

अनूपपुर। पूर्व विंध्य विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार गुप्ता ने जिले के प्रमुख राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग को गंभीर जनसुरक्षा का विषय बताते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।श्री गुप्ता ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि जैतहरी-अनूपपुर मार्ग, चचाई-अनूपपुर मार्ग तथा कोतमा-अनूपपुर मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों भारी मालवाहक वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इससे यातायात बाधित होता है और विशेषकर रात्रि के समय दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों का निर्माण आमजन की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही के लिए किया गया है, लेकिन वर्तमान में ये मार्ग अवैध पार्किंग स्थल बनते जा रहे हैं।उन्होंने विशेष रूप से आरोप लगाया कि जैतहरी स्थित एम.बी. पावर प्लांट से फ्लाई ऐश (राखड़) परिवहन में लगे सैकड़ों वाहन दुर्गादास चौक से लेकर अनूपपुर के तिपान नदी क्षेत्र तक सड़क किनारे लंबे समय तक खड़े रहते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों की जान जोखिम में पड़ती है।अनिल कुमार गुप्ता ने हाल ही में एनएच-43 पर हुई उस दर्दनाक दुर्घटना का भी उल्लेख किया, जिसमें पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के एक परिवार के चार सदस्यों की सड़क किनारे खड़े भारी वाहन से टकराने के कारण मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासन के लिए चेतावनी हैं और इनसे सबक लेकर स्थायी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कुछ दिनों तक अभियान चलाया जाता है, लेकिन बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। यह प्रशासनिक लापरवाही और जनहित के प्रति उदासीनता का परिचायक है। सड़क सुरक्षा केवल अभियान चलाने से नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और कानून के सख्त पालन से सुनिश्चित होगी।ज्ञापन में श्री गुप्ता ने मांग की है कि मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से पार्क किए जाने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नियमित जांच की जाए, दोषी वाहन मालिकों एवं चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो तथा भविष्य में इस प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल तथा पुलिस महानिरीक्षक, शहडोल जोन को भी प्रतिलिपि प्रेषित कर शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ा यह विषय किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि जनहित और जनजीवन की सुरक्षा का प्रश्न है, इसलिए प्रशासन को बिना विलंब प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *