बिजुरी।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 का लाइव प्रसारण रविवार को नगर पालिका परिषद बिजुरी परिसर में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

लाइव प्रसारण के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बजट में ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, कुटीर एवं लघु उद्योगों को प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाना और आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मंत्री ने यह भी कहा कि इन प्रावधानों से अनूपपुर जिले जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में नगर पालिका

अध्यक्ष सहबीन पनिका ने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूहों, रोजगार आधारित योजनाओं और आर्थिक सहयोग पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे नगर क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहरी विकास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रावधान नगर पालिका के कार्यों को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे।

नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा ने बजट को नगर विकास के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़े प्रावधानों से स्थानीय समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। वहीं डोला नगर परिषद उपाध्यक्ष रवि शंकर तिवारी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ने वाली योजनाओं से क्षेत्रीय संतुलन स्थापित होगा।पूर्व उपाध्यक्ष सतीश शर्मा एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने कहा कि कर सुधारों से मध्यम वर्ग को राहत मिलने की उम्मीद है और इससे घरेलू खर्च व बचत में संतुलन बनेगा।कार्यक्रम का संचालन विधायक प्रतिनिधि दीपक शर्मा एवं जिला मंत्री भूपेंद्र महरा के मार्गदर्शन में किया गया। बड़ी स्क्रीन पर बजट का प्रसारण पूरे समय चलता रहा, साथ ही उपस्थित लोगों के बीच प्रमुख घोषणाओं को लेकर चर्चा भी होती रही।इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मी शुक्ला, कलावती सिंह, गुंजन साहू, महामंत्री कैलाश कोल, के.पी. शुक्ला, राहुल पनिका सहित सभी वार्डों के पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बजट को जनहित से जुड़ा बताते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए उपयोगी बताया।
