सोहागपुर, 10 अक्टूबर 2025:
आज सुहागपुर में ट्रक यूनियन का औपचारिक रूप से गठन किया गया। इस अवसर पर ट्रक यूनियन का अध्यक्ष राजकुमार सरावगी उर्फ राजा भैया चुने गए।
जानकारी के अनुसार, विगत कई वर्षों से ट्रक मालिकों की मेहनत के बावजूद उनके लाभ में कमी हो रही थी। डीओ होल्डर और लिफ्ट कमाई के कारण ट्रक मालिक मनमाने भाड़े पर काम करने को मजबूर थे। इस शोषण और असमान भाड़ा दरों को देखते हुए, बुढार, अनूपपुर और शहडोल के ट्रक मालिकों ने अपनी समस्याओं को लेकर सम्मानित नागरिक राजा भैया से संपर्क किया।
ट्रक मालिकों ने यूनियन बनाने और एक निश्चित भाड़ा तय करने का प्रस्ताव रखा। बुढार के कोयला क्षेत्र में कार्यरत रिकी सरकार सहित कई अन्य ट्रक मालिकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि राजकुमार सरावगी को अध्यक्ष बनाया जाए और सभी मार्गों के लिए भाड़ा तय किया जाए।
आज के निर्णय के अनुसार, अब प्रत्येक मार्ग के लिए फिक्स भाड़ा निर्धारित कर दिया गया है। इस कदम से ट्रक मालिकों को लंबे समय से झेलनी पड़ रही आर्थिक कठिनाइयों से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर बुढार से कमलेश पांडे, प्रखर मिश्रा, सानू सरदार सहित कई मोटर मालिक उपस्थित रहे और अपनी सहमति दर्ज कराई। अनूपपुर से नितिन केसरवानी, सुनील बिहारी मिश्रा, अखिलेश त्रिपाठी और शिवेंद्र सिंह भी इस फैसले के समर्थन में उपस्थित थे।
ट्रक मालिकों ने इस नए गठन और भाड़ा नीति से संतोष व्यक्त किया है और इसे अपने हित में एक सकारात्मक कदम बताया।
