अमरकंटक। पवित्र नगरी अमरकंटक में नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (C.M.O.) के रूप में श्री चैन सिंह परस्ते ने आज दिनांक 23 जून 2025, दिन सोमवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। श्री परस्ते नगर परिषद बनगवां, जिला अनूपपुर से स्थानांतरित होकर अमरकंटक आए हैं।
विशेष बात यह है कि श्री परस्ते का यह अमरकंटक में दूसरा कार्यकाल है। वे पूर्व में भी नगर परिषद अमरकंटक में 18 जून 2024 तक मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लगभग एक वर्ष पश्चात पुनः उनकी वापसी से नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों और परिषद सदस्यों में उत्साह का माहौल देखा गया।
गत वर्ष में नगर परिषद अमरकंटक में भूपेंद्र सिंह बघेल, महिपाल सिंह गुर्जर और शिव प्रसाद सिंह धुर्वे ने प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई थी। इस दौरान लगातार अस्थाई व्यवस्था के चलते नगर परिषद के कामकाज और विकास योजनाओं की गति प्रभावित हो रही थी।
नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, समस्त पार्षदगण, क्षेत्रीय विधायक एवं अमरकंटक के गणमान्य नागरिकों ने लंबे समय से राज्य सरकार और जिला प्रशासन से स्थाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी की मांग की थी। श्री परस्ते की पुनः नियुक्ति से नगर परिषद के कामकाज में अब सुचारूता और विकास कार्यों में गति आने की उम्मीद है।
श्री परस्ते एक अनुभवी और दक्ष अधिकारी माने जाते हैं। पूर्व कार्यकाल के दौरान नगर परिषद के कार्यों से वे भलीभांति परिचित हैं। कार्यभार ग्रहण करते समय नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदगण की उपस्थिति रही।
नगरवासियों को विश्वास है कि श्री चैन सिंह परस्ते के नेतृत्व में नगर परिषद अमरकंटक के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।
