• Mon. Jul 20th, 2026

News Junction MP Chhattisgarh

India #1 News Platform

वेंकटनगर में पुलिस की सक्रियता से अपराधों पर लगी लगाम, लोगों में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा की संवेदनशील चौकी पर सख्त पुलिसिंग, लोगों में बढ़ा सुरक्षा का एहसास

Spread the love

राहुल मिश्रा अनूपपुर। जैतहरी थाना अंतर्गत मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ की सीमा से लगी वेंकटनगर पुलिस चौकी इन दिनों कानून-व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन और प्रभावी पुलिसिंग के कारण चर्चा में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी प्रभारी प्रवीण साहू के पदभार संभालने के बाद क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा है और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।वेंकटनगर चौकी प्रदेश की अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित होने के कारण हमेशा से संवेदनशील मानी जाती रही है। इस मार्ग से दोनों राज्यों के बीच लगातार आवागमन होने के कारण अवैध गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में चौकी प्रभारी प्रवीण साहू द्वारा लगातार निगरानी, नियमित वाहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर तथा क्षेत्र में सतत गश्त के माध्यम से कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।स्थानीय नागरिकों के अनुसार, शराब के अवैध कारोबार, जुआ, चोरी तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जाता है और आवश्यकतानुसार समझाइश भी दी जाती है।चौकी प्रभारी प्रवीण साहू की कार्यशैली केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपराध की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए लोगों को कानून का सम्मान करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी कार्यप्रणाली में अनुशासन, संवेदनशीलता और जनसंपर्क का बेहतर संतुलन देखने को मिलता है, जिससे पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत हुआ है।बताया जाता है कि प्रवीण साहू इससे पहले जिन-जिन स्थानों पर पदस्थ रहे, वहां भी उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की पहचान बनाई। इसी अनुभव का लाभ अब वेंकटनगर क्षेत्र को भी मिल रहा है।सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण वेंकटनगर पुलिस चौकी की जिम्मेदारी सामान्य क्षेत्रों की अपेक्षा अधिक चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। इसके बावजूद लगातार सक्रिय पुलिसिंग, समय-समय पर की जाने वाली जांच और क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता के कारण स्थानीय नागरिक स्वयं को पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *