अनूपपुर/बिजुरी।जिले के अंतिम छोर पर स्थित नगर पालिका परिषद बिजुरी में करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए पूरा नगर पालिका अमला सड़कों पर उतरा। नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका के नेतृत्व में उपाध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, इंजीनियर, पार्षदों एवं तकनीकी अमले ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और गुणवत्ता व समय-सीमा को लेकर कड़े निर्देश दिए।नगर पालिका परिषद बिजुरी क्षेत्र में सड़कों, नालियों, सीसी रोड, मुक्तिधाम, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। इन्हीं कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीती शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन साहू, इंजीनियर देवल सिंह के साथ पार्षद कलावती सिंह, लक्ष्मी शुक्ला, गुंजन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभिन्न वार्डों में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री, कार्य की तकनीकी गुणवत्ता और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा पर विशेष ध्यान दिया गया।निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास पहुंचाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। जनता के टैक्स से हो रहे कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उपाध्यक्ष प्रीती शर्मा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य इस प्रकार हों कि वे वर्षों तक टिकाऊ रहें और आम नागरिकों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के क्रम में नगर पालिका की टीम केवई नदी पर निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी पेयजल परियोजना के स्थल पर भी पहुंची। यहां इंटेक वेल और नदी से नगर तक बिछाई जा रही मुख्य राइजिंग मेन पाइपलाइन की प्रगति का जायजा लिया गया। अध्यक्ष सहबीन पनिका ने कहा कि केवई नदी पेयजल परियोजना बिजुरी नगर के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने से आने वाले वर्षों में नगरवासियों को जल संकट से राहत मिलेगी और स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन साहू ने बताया कि सभी निर्माणाधीन कार्यों की प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इंजीनियरों को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदारों को गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने और कार्य स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधूरे कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण कराया जाएगा ताकि आम जनता को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से बिजुरी नगर में बेहतर सड़कें, सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे नगर की तस्वीर और यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीती सतीश शर्मा, पार्षद कलावती सिंह, लक्ष्मी शुक्ला, गुंजन साहू, नमिता कोल, प्रकाश महरा, सीएमओ पवन साहू, इंजीनियर देवल सिंह, राजस्व निरीक्षक लखन पनिका सहित नगर पालिका के राजस्व एवं निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका ने कहा कि उद्देश्य बिजुरी को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करना है। वर्तमान में चल रहे सभी विकास कार्य सीधे जनता की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े हैं। जनता के एक-एक रुपये का सही उपयोग हो, यही नगर पालिका की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

