• Sun. Nov 23rd, 2025

News Junction MP Chhattisgarh

India #1 News Platform

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन अमरकंटक ने धूमधाम से मनाया 28वाँ स्थापना दिवस

Spread the love

राहुल मिश्रा
अमरकंटक। आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक स्थित कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय ने रविवार को गौरवशाली 28वाँ स्थापना दिवस एवं 27 वर्ष पूर्ण होने का समारोह उत्साहपूर्वक मनाया। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुधाकर सिंह बघेल मुख्य अतिथि, प्रबंधन्यासी हिमाद्रि मुनि महाराज एवं पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक की प्राचार्य अनुजा मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। स्वागत गीत की मधुर प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। तत्पश्चात विद्यार्थियों की एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिला सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य-नाटिका ‘द्रौपदी और सीता’, भक्ति से ओत-प्रोत ‘देवीमाई’, ‘शिवमहिमा’ एवं उमंग भरपूर ‘उत्सव नृत्य’ को दर्शकों ने खूब सराहा। विद्यालय की विकास यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया।

पूर्व प्राचार्य आर.एस. कुशवाहा ने स्थापना यात्रा साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1998 में परम पूज्य महाराज श्री कल्याण दास जी के आशीर्वाद से यह विद्यालय मात्र 4 कक्षाओं, 4 शिक्षकों व 51 विद्यार्थियों के साथ प्रारंभ हुआ था। आज यह संस्थान शिक्षा, संस्कार एवं संस्कृति का केंद्र बन चुका है। प्रधानाचार्य कमलेश मिश्रा ने कहा कि यहां विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों, नैतिकता और मित्रता का पाठ पढ़ाया जाता है।

कल्याण सेवा आश्रम के अंतर्गत संचालित इस समूह में अमरकंटक और राजेंद्रग्राम के स्कूलों सहित पेंड्रारोड (छत्तीसगढ़) का पब्लिक स्कूल एवं कल्याणिका बी.एड. महाविद्यालय सम्मिलित हैं। राजनांदगांव में नया विद्यालय निर्माणाधीन है, वहीं अनूपपुर में भी शीघ्र ही विद्यालय खोलने की योजना है।

मुख्य अतिथि सुधाकर सिंह बघेल ने विद्यालय की 27 वर्षों की तपस्या और सेवा यात्रा को अभिनंदनीय बताते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। समारोह में आर.एस. कुशवाहा, अलका शर्मा व चंद्र सिंह वंशवासी को साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। मंच से हिमाद्रि मुनि महाराज ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।

कार्यक्रम में अनुजा मिश्रा, आशीष शुक्ला, जगदीशा नंद महाराज, हरस्वरूप दास महाराज, धर्मानन्द महाराज, वी.के. श्रीवास्तव, विनय उपाध्याय, अमित घोष, डॉ. श्रीराम त्रिपाठी, सुखदेव सिंह ग्रेवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *