
अमलाई (अनूपपुर)। वर्षों से सुविधाओं की कमी से जूझ रहे अमलाई रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर नगर परिषद बरगवां (अमलाई) ने जिस दृढ़ता से आवाज उठाई थी, अब वह धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती गीता गुप्ता ने हाल ही में अमलाई रेलवे स्टेशन में डीआरएम दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर स्टेशन को सर्वसुविधायुक्त बनाने हेतु मांग पत्र सौंपा था। इस मांग पत्र में यात्रियों की मूलभूत समस्याओं से लेकर आधुनिक सुविधाओं तक का विस्तृत उल्लेख किया गया था।इसी क्रम में डीआरएम SECR बिलासपुर द्वारा अमलाई रेलवे स्टेशन का विस्तृत एवं गंभीर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष गीता गुप्ता के साथ युवा भाजपा नेता अभिषेक गुप्ता तथा नगर के नागरिक पार्षद उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने स्टेशन परिसर में मौजूद समस्याओं को मौके पर दिखाते हुए यात्रियों को हो रही परेशानियों से डीआरएम को अवगत कराया।निरीक्षण में प्रमुख रूप से स्टेशन के आसपास की जर्जर सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, नियमित साफ़-सफ़ाई, प्लेटफार्मों की बेहतर देखरेख तथा यात्रियों के बैठने, पानी और छाया की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही अमलाई जैसे औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण स्टेशन पर लंबी दूरी की प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों, मजदूरों एवं व्यापारियों को सीधा लाभ मिल सके।नगर परिषद द्वारा पूर्व में भेजे गए पत्रों में स्पष्ट रूप से बताया गया था कि अमलाई स्टेशन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के राजस्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री एवं माल परिवहन होता है। इसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी लंबे समय से बनी हुई है। पत्रों में कोच पोजीशन सिस्टम लगाने, प्लेटफार्मों के बाहर साफ़-सफ़ाई की स्थायी व्यवस्था करने, खान-पान स्टॉल शुरू करने, प्लेटफार्म नंबर 03 और 04 पर दिव्यांग यात्रियों के लिए रैम्प ब्रिज निर्माण तथा स्टेशन क्षेत्र में सड़क और प्रकाश व्यवस्था सुधारने की मांग प्रमुखता से रखी गई थी।डीआरएम ने पूरे स्टेशन परिसर का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सभी मांगों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमलाई रेलवे स्टेशन को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा और यात्रियों की परेशानियों को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा।इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष गीता गुप्ता ने कहा कि अमलाई की जनता लंबे समय से बेहतर रेलवे सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रही थी और आज डीआरएम का निरीक्षण इस दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। युवा भाजपा नेता अभिषेक गुप्ता एवं उपस्थित पार्षदों ने भी इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।नगरवासियों ने डीआरएम SECR बिलासपुर का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में अमलाई रेलवे स्टेशन आधुनिक स्वरूप के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा और क्षेत्र की प्रगति को नई गति देगा।



