अनूपपुर, 30 जून 2025 – जल संरक्षण को लेकर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान में बिजुरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सहबीन पनिका के नेतृत्व में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को प्रदेश स्तर पर सराहा गया है। इसी क्रम में 30 जून को खंडवा में आयोजित समापन समारोह के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें जल संरक्षण की दिशा में नगर में की गई सृजनात्मक पहलों – जैसे कि कुओं, बावड़ियों, तालाबों, नदियों और नालों की सफाई, जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं वृहद स्तर पर पौधारोपण जैसे कार्यों के लिए प्रदान किया गया। बिजुरी नगर पालिका परिषद द्वारा जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को जनांदोलन का रूप दिया गया, जिससे न केवल नगर का पर्यावरणीय संतुलन सुधरा, बल्कि लोगों में जल बचाने की चेतना भी जागृत हुई।
समारोह में प्रदेशभर के ऐसे 10 नगरीय निकायों के अध्यक्षों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत अनुकरणीय कार्य किए। खंडवा में आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों में वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण कर देखा और सुना गया, जिससे आमजन तक इस अभियान की व्यापकता और सफलता की जानकारी पहुंची।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में जल संरक्षण को भविष्य के लिए आवश्यक बताते हुए कहा, “जल बचाने के लिए की गई ये पहलें आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार हैं। स्थानीय निकायों की सहभागिता से यह अभियान एक सामाजिक क्रांति में बदल रहा है।”
बिजुरी नगर की जनता एवं प्रशासन इस उपलब्धि से गौरवांवित है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सहबीन पनिका ने इस सम्मान को नगरवासियों की भागीदारी और कर्मचारियों की मेहनत को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और बिजुरी को एक हरित एवं जल संपन्न नगर बनाने का संकल्प दोहराया।
यह सम्मान बिजुरी नगर पालिका के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे अनूपपुर जिले के लिए गर्व का विषय है।