
राहुल मिश्रा
अनूपपुर, 29 जून 2025।
जल संरक्षण और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करने वाली बिजुरी नगर पालिका परिषद को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सहबीन पनिका के नेतृत्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री सम्मान से नवाजा जाएगा।
यह सम्मान 30 जून को खंडवा में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदान किया जाएगा। समारोह में पूरे प्रदेश से चयनित 10 श्रेष्ठ नगरीय निकायों के अध्यक्षों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें बिजुरी नगर पालिका परिषद का चयन गौरवपूर्ण है।
साफ-सफाई से लेकर पौधारोपण तक निभाई अहम भूमिका
नगर पालिका बिजुरी ने इस अभियान के अंतर्गत नगर के कुएं, बावड़ियां, तालाब, नदियों और नालों की सफाई के साथ-साथ वृक्षारोपण और जनजागरूकता जैसे कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन प्रयासों से नगर में जल संरक्षण, स्वच्छता, और पर्यावरण सुधार को नई दिशा मिली है।
कलेक्टर ने दी बधाई
अनूपपुर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने नगर पालिका परिषद बिजुरी और अध्यक्ष श्रीमती सहबीन पनिका को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया और अभियान में भागीदारी निभाने वाले नागरिकों के योगदान की सराहना की।
नगर के लिए प्रेरणा, प्रदेश के लिए उदाहरण
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सहबीन पनिका ने इस सम्मान को नगरवासियों की जागरूकता और टीम वर्क का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि “यह सम्मान हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। जल और पर्यावरण की रक्षा करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।
