अमरकंटक।
मध्यप्रदेश के प्रमुख तीर्थ और पर्यटन स्थल अमरकंटक में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए भारतीय स्टेट बैंक, अमरकंटक शाखा द्वारा सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। यह अभियान वन विभाग के वन परिक्षेत्र अमरकंटक के सहयोग से कक्ष क्रमांक PF-236 (रकबा 57 हेक्टेयर) की वन भूमि पर अमरकंटक-राजेंद्र ग्राम मुख्य मार्ग के किनारे आयोजित किया गया।
इस वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आम, जामुन जैसे फलदार पौधे एवं पीपल, बट, पाकड़ जैसे पूजनीय और छायादार वृक्षों की 50 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। यह कदम अमरकंटक नगर के पर्यावरण संतुलन और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक अहम योगदान माना जा रहा है।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक अमरकंटक के शाखा प्रबंधक गौरव उपाध्याय एवं अधिकारी पी. कुमार सुमन ने स्वयं पौधे रोपकर अभियान का शुभारंभ किया। वृक्षारोपण हेतु पौधे और स्थल की व्यवस्था स्थानीय वन परिक्षेत्र अमरकंटक द्वारा की गई थी।
इस अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, रमाकांत पटेल, साधना मार्को और अरविंद पटेल की सक्रिय भागीदारी रही, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल हो सका। साथ ही अमरकंटक के वरिष्ठ पत्रकार धनंजय तिवारी एवं उमाशंकर पांडे मुन्नू ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कर पर्यावरणीय कार्यों में अपनी भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि यह वृक्षारोपण पूर्व से संरक्षित एवं सुरक्षित वन भूमि पर किया गया, जिससे पौधों के संरक्षण की संभावना अधिक है। इस पहल को स्थानीय लोगों एवं प्रशासन द्वारा सराहना मिल रही है, जो भविष्य में हरित अमरकंटक के निर्माण में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
